उत्तर भारत में नहीं मिलेगी अभी भीषण ठंड से राहत अगले 2 दिन शीतलहर की चेतावनी
नई दिल्ली, एजेंसी।01-01-2021/ Weather update: साल के पहले दिन की शुरुआत आज राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह घने कोहरे के बीच हुई। दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में आज सुबह से ही कोहरा घना है। बिहार, असम, मेघालय, नगालैण्ड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ इलाके घने कोहरे से दबे रहे। रविवार तक मौसम के हालात ऐसे ही बने रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह दर्ज किए गए 1.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ ही यह मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर शुक्रवार के बाद भी जारी रहेगी और रविवार तक तापमान कम रहने की ही उम्मीद है। हालांकि, रविवार तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
हरियाणा पंजाब में भी ठंड का कहर
हरियाणा के हिसार में तो -1.2 डिग्री,तो नारनौल में -0.6 तक पारा लुढ़क गया। वहीं पंजाब के भटिंडा में गुरुवार को 0.0 डिग्री तक तापमान गिर गया। गुरुवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया हुआ था। लोग खुद को बचाने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
2 जनवरी तक उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट
स्काईमेट वेदर के वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि 2 जनवरी तक पूरे उत्तर भारत में शीत लहर रहेगी। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ों से होकर आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शीतलहर का प्रकोप उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बढ़ता जा रहा है और कड़ाके की सर्दी का कई शहरों में नया रिकॉर्ड कायम हो रहा है। कोहरे की वजह से सूरज की रौशनी भी धरती पर पूरी तरह नहीं पड़ रही है, जिससे कंपकंपी बढ़ रही है।
3-4 जनवरी को बारिश का अनुमान
'स्काईमेट' के मुताबिक, 2 जनवरी को एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों पर पहुंचेगा और इसके चलते मैदानी इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय होगा। इन दोनों सिस्टमों के कारण उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों तक हवाओं के रुख में बदलाव होगा जिससे गिरते तापमान में ब्रेक लगेगी। कुछ शहरों में बारिश भी हो सकती है।